डीएम-एसपी ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा

डीएम-एसपी ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा


उत्तरकाशी/श्रीनगर गढ़वाल। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के कारण फंसे ट्रैकर्स के रेस्क्यू के लिए पुलिस, प्रशासन, सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और एसपी कमलेश उपाध्याय ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति का जायजा लिया और टीमों से ट्रैकर्स की लोकेशन, मौसम तथा हवाई एवं पैदल मार्गों की जानकारी ली।
रेस्क्यू टीमों ने ऑडेन कोल क्षेत्र में फंसे सभी 29 ट्रैकर्स को सुरक्षित हेली रेस्क्यू कर लिया है। वहीं कालिंदी पास क्षेत्र से 11 ट्रैकर्स को भी सुरक्षित निकाला गया। हेलीपैड पहुंचने पर रेस्क्यू किए गए लोगों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परीक्षण, गर्म कपड़े, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराया गया। डीएम ने ट्रैकर्स की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी एजेंसियों को समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक संजय उप्रेती के नेतृत्व में देहरादून से एसडीआरएफ का 15 सदस्यीय दल भी अभियान में जुटा है। मुख्यमंत्री और शासन स्तर से रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है।

कालिंदी बेस और ऑडिन कोल क्षेत्र से 40 सदस्यों का सुरक्षित रेस्क्यू

उत्तरकाशी/श्रीनगर गढ़वाल। उच्च पर्वतीय साहसिक अभियान के तहत सोमवार को कालिंदी बेस और ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से 40 ट्रेकर्स एवं अभियान सदस्यों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इनमें कालिंदी बेस क्षेत्र से 11 और ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से 29 सदस्य शामिल हैं। सभी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में रेस्क्यू टीमों ने हर्षिल सहित विभिन्न पड़ावों पर आवश्यक समन्वय के साथ अभियान चलाया। शाम को जिलाधिकारी ने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर रेस्क्यू अभियान की स्थिति की जानकारी ली और टीमों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा कर यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु रखने तथा आवश्यक सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *