खुला कूड़ा डंपिंग जोन बना बेजुबान पशुओं के लिए खतरा

विकासनगर। खादर बस्ती स्थित नगर पालिका के कूड़ा डंपिंग जोन में फेंसिंग नहीं होने से बेजुबान पशु कचरे के ढेर तक पहुंचकर प्लास्टिक व जहरीली सामग्री निगल रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार दूषित कचरा खाने से एक पशु की मौत हो गई, जिससे लोगों में रोष है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद डंपिंग जोन की घेराबंदी और कूड़ा निस्तारण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए। खुले में पड़ा कचरा आसपास के लोगों और नदी के लिए भी प्रदूषण का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने फेंसिंग और वैज्ञानिक तरीके से कूड़ा निस्तारण की मांग की है। अधिशासी अधिकारी ने जल्द फेंसिंग कराने का आश्वासन दिया।