32 वरिष्ठ नागरिकों ने किए श्री जागेश्वर धाम के दर्शन

टिहरी। उत्तराखंड सरकार की मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत विकासखंड चंबा के गजा क्षेत्र के 32 वरिष्ठ नागरिक श्री जागेश्वर धाम की तीर्थ यात्रा कर मंगलवार को सकुशल वापस लौटे। बुजुर्गों का दल 14 अगस्त को यात्रा के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने श्री जागेश्वर धाम के साथ कैंची धाम और चितई गोलू देवता मंदिर के भी दर्शन किए। वापस लौटे वरिष्ठ नागरिकों ने यात्रा को सुखद और अविस्मरणीय बताते हुए सरकार एवं पर्यटन विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिला और तीर्थाटन उनके लिए सरल एवं सुविधाजनक बना। क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता देवी ने बुजुर्ग यात्रियों का स्वागत करते हुए योजना को सराहनीय और जनहितकारी पहल बताया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अधिक से अधिक योजना का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर विजय सिंह रावत, कल्याण सिंह, बचन सिंह खडवाल, विक्रम सिंह नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।