अनियंत्रित सिटी बस फुटपाथ पर चढ़ी, युवक की मौत, चार घायल

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के लालपुल के निकट मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब सिटी बस संख्या यूके-07-पीए-0287 अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां बैठे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सूचना मिलते ही 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल महंत इन्द्रेश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आहद (22 वर्ष), निवासी राजीवनगर चमनपुरी, पटेलनगर को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक अर्जुन (28 वर्ष), निवासी जाखन, राजपुर रोड की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण वाहन पर नियंत्रण खो गया, जिससे बस फुटपाथ पर चढ़ गई। चालक को भी उपचार के लिए कोरोनेशन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में रतन कुमार (45 वर्ष) निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश), संजीत (32 वर्ष) निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार), सुखराज साहनी (59 वर्ष) निवासी दरभंगा (बिहार) तथा मानसिंह शामिल हैं। पुलिस ने मृतक का पंचायतनामा भरते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।