रात्रिकालीन कार्यों को सशर्त अनुमति, लापरवाही पर डीएम सख्त

देहरादून। जनपद में विकास कार्यों को गति देने और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में परियोजना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 14 निर्माण एजेंसियों के प्रस्तावों पर समीक्षा करते हुए उच्च प्राथमिकता वाले कार्यों को रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक सशर्त अनुमति प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में तेजी आवश्यक है, लेकिन जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मानसून को देखते हुए सड़कों पर नई खुदाई या रोड कटिंग पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान दिसंबर से लंबित मात्र 2-3 दिन के कार्य को छह माह तक पूरा न करने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी। डीएम ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्य पूर्ण न करने वाली एजेंसियों पर कारण बताओ नोटिस, आरसी जारी करने के साथ भारी जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों, बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी एजेंसियां बेहतर समन्वय के लिए संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।