कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर गढ़वाल कमिश्नर ने की समीक्षा, भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर’’
हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनन्द स्वरूप ने राज्य अतिथि गृह में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।
आयुक्त ने संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा आवश्यक संसाधनों की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने पर जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जल संस्थान, विद्युत विभाग और लोक निर्माण विभाग ने भी अपनी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।