एसएसपी ने नीट परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी 21 जून 2026 को जनपद पौड़ी के दो परीक्षा केंद्रों-केंद्रीय विद्यालय पौड़ी एवं राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सुरक्षा व्यवस्था अभ्यर्थियों के प्रवेश यातायात प्रबंधन भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसएसपी सर्वेश पंवार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अनुचित गतिविधि अथवा बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा परीक्षा अवधि के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था कायम रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को पूर्ण मुस्तैदी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नीट परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।