गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा की सफलता को आयोजित की महायज्ञ व गौसभा

गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा की सफलता को आयोजित की महायज्ञ व गौसभा


देहरादून/गदरपुर। गदरपुर में भैरव सेना एवं सनातन संस्कार केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा की सफलता के लिए भगवती दुर्गा मंदिर परिसर में महायज्ञ एवं गौसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भैरव सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. राजीव महाजन ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में गौभक्तों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित बाबूलाल शर्मा द्वारा शंखनाद के साथ हुई। गौसभा को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव महाजन ने कहा कि शंकराचार्य जी उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभाओं में गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा निकाल रहे हैं, जिसे सनातन समाज का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य गौसंरक्षण और गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने के लिए जनजागरण करना है।
सनातन संस्कार केंद्र की संयोजिका गुड्डो देवी ने गाय के धार्मिक, सांस्कृतिक और स्वास्थ्य संबंधी महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति की आस्था का केंद्र है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गौसंरक्षण और गौमाता के सम्मान के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
गौसभा के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अमित ढींगरा, इशिका ढाली, भागवती देवी, ललिता देवी, दिवाकर, सोनू प्रजापति, सतपाल सैनी, गोपाल कश्यप, महिपाल गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *