चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, लापरवाही पर दी चेतावनी

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को मुख्यमंत्री के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल और यातायात प्रबंधन सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
डीएम ने प्रमुख यात्रा पड़ावों पर उप जिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण करने तथा पंजीकरण केंद्रों व होल्डिंग एरिया में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यात्रा मार्गों पर सफाई व्यवस्था मजबूत करने और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने रात्रि 10 बजे के बाद केवल आवश्यक वाहनों के संचालन की अनुमति देने, ट्रैफिक दबाव कम करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया। खाद्य पदार्थों में मिलावट, ओवररेटिंग, बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए।
डीएम ने भ्रामक और फर्जी वीडियो फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने तथा यात्रा से जुड़ी सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित चारधाम यात्रा प्रशासन की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।