कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने दी करोड़ों की विकास योजनाओं की सौगात

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने दी करोड़ों की विकास योजनाओं की सौगात


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के पोखड़ा विकासखंड मुख्यालय में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत बहुउद्देशीय शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। इस दौरान 20 दिव्यांगों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और 150 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बरसुंडा देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 29.83 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 40 गांवों को लाभ मिलेगा। जल जीवन मिशन के तहत 44 गांवों में पेयजल योजनाओं पर 29.60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विकासखंड में पंचायत भवनों, मोटर मार्गों, सिंचाई योजनाओं और पर्यटन विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। चौबट्टाखाल में 24 बेड वाले पर्यटक आवास गृह का निर्माण भी अंतिम चरण में है। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय भवन, चारदीवारी और ई-लर्निंग सुविधाओं के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक कलाकारों और सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *