चारधाम यात्रा के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

रूद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि नेशनल हाईवे-58 पर स्थित 11 कैंटीन, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी एवं निर्माण तिथि अंकित न होने पर खुला हल्दी और लाल मिर्च पाउडर जब्त किया गया, जबकि दुर्गंधयुक्त 4.5 किलो उबले काले चने नष्ट कराए गए। अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य निर्माण, अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत न करने और खुली डस्टबिन के उपयोग पर चार खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा हरिद्वार, सिडकुल, कनखल, पुहाना और झबरेड़ा क्षेत्रों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पनीर, सरसों तेल, सूजी, खाद्य तेल और धनिया पाउडर के नमूने जांच के लिए भेजे गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा।