पत्रकारों और प्रशासन के बीच वार्ता बेनतीजा, 29 मई से धरने की चेतावनी
हरिद्वार/लक्सर। तहसील परिसर में पत्रकारों और प्रशासन के बीच चल रहा विवाद मंगलवार को हुई वार्ता के बाद भी सुलझ नहीं पाया। वार्ता के बेनतीजा रहने के बाद पत्रकारों और विभिन्न संगठनों ने 29 मई से तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी है।
प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों का आरोप है कि सूचना संकलन के दौरान तहसील के एक कर्मचारी ने प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी के साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी। इस मामले में पहले भी पत्रकारों द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की जा चुकी है।
मंगलवार को एसडीएम लक्सर अनिल कुमार शुक्ला की मौजूदगी में हुई बैठक में भारतीय किसान यूनियन, बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल, भीम आर्मी सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और स्थानांतरण की मांग रखी।
कई घंटे चली वार्ता के बावजूद किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी और बैठक बेनतीजा समाप्त हो गई। इसके बाद पत्रकारों और संगठनों ने स्पष्ट कहा कि यदि 29 मई तक कार्रवाई नहीं होती है तो तहसील परिसर में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार रजनीश धीमान, जाने आलम, संजय धीमान, दीपक सोमपाल, मो साजिद, फरमान, फिरोज, राकेश, जसवीर, किसान यूनियन के विकास सिंह सैनी, अनिल चौधरी, तौफीक अहमद तथा बार एसोसिएशन के प्रवीण गोयल, जितेंद्र सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।