दो दिवसीय श्रीनगर दौरे पर रहेंगे कैबिनेट मंत्री

श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत 13 और 14 मई को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे।
दौरे के दौरान डॉ. रावत पाबौं विकासखंड के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं से संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याएं सुनेंगे। 14 मई को वह पाबौं ब्लॉक मुख्यालय में विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के लाभार्थियों को सहायता चेक वितरित किए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ब्लॉक स्तर पर संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक, यूपीसीएल अधिकारियों के साथ विद्युत समस्याओं पर चर्चा और क्षेत्रीय विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।