डेंगू रोकथाम को लेकर अंतरविभागीय बैठक, 16 मई से चलेगा विशेष अभियान

डेंगू रोकथाम को लेकर अंतरविभागीय बैठक, 16 मई से चलेगा विशेष अभियान


रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। डेंगू रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में जिला स्तरीय अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर पालिका, सिंचाई, परिवहन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को डेंगू रोकथाम कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी आरएस रावत ने मच्छरों के पनपने वाले स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर तक डेंगू नियंत्रण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने, पाइपलाइन लीकेज रोकने, जलभराव खत्म करने तथा नियमित फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए। एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शाकिब हुसैन ने कहा कि रुके हुए पानी में डेंगू का मच्छर पनपता है, इसलिए घरों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर जलभराव न होने दें। उन्होंने कूलर, टंकी, फूलदान आदि की नियमित सफाई और मच्छररोधी उपाय अपनाने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में 16 आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं और डेंगू जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। 16 मई से स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चलाएगा, जिसके तहत एएनएम, सीएचओ और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा जागरूकता और लार्वा नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *