गविष्ठी यात्रा कल पहुंचेगी काशी, होगा भव्य स्वागत

वाराणसी। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के सान्निध्य में गोरखपुर से निकली 81 दिवसीय गविष्ठी गौरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा आज बुधवार को मिर्जापुर होते हुए काशी पहुंचेगी। यात्रा के काशी आगमन पर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सनातनी समाज द्वारा शंकराचार्य जी का भव्य स्वागत, अभिनंदन और वंदन किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि यह यात्रा प्रदेश की 503 विधानसभाओं में जाएगी। यात्रा का उद्देश्य गौमाता की रक्षा और उन्हें राष्ट्र एवं राज्यमाता घोषित कराने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है। काशी में यात्रा रोहनिया, कैंट, दक्षिणी, उत्तरी और शिवपुर विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। शंकराचार्य जी शिवपुर में रात्रि विश्राम करेंगे, जिसके बाद अगले दिन यात्रा अजगर, पिंडरा, सेवापुरी और भदोही की ओर प्रस्थान करेगी।