मुख्यमंत्री मंजूर किए विकास योजनाओं और कुंभ 2027 तैयारियों के लिए 1252 करोड़

मुख्यमंत्री मंजूर किए विकास योजनाओं और कुंभ 2027 तैयारियों के लिए 1252 करोड़

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल 1252 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्णयों से आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा पेयजल, पर्यटन और बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजना के तहत त्रिवेणी घाट पुनरुद्धार के लिए 115 करोड़ और हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत नॉर्थ हरकी पैड़ी डेवलपमेंट के लिए 69.06 करोड़ स्वीकृत किए हैं। टिहरी झील रिंग रोड परियोजना, भूमि अधिग्रहण और एनपीवी भुगतान के लिए भी करोड़ों रुपये की मंजूरी दी गई है।
पिथौरागढ़ के धारचूला में कैलाश मानसरोवर मार्ग पर एस्ट्रो टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए 8 इग्लू डोम हट निर्माण हेतु 4.67 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। शिक्षा क्षेत्र में समग्र शिक्षा के तहत विद्यालयों और शिक्षक शिक्षा संस्थानों के वेतन-भत्तों के लिए 446 करोड़ तथा अशासकीय महाविद्यालयों के कार्मिकों के वेतन भुगतान के लिए प्रथम छह माह हेतु 77.69 करोड़ जारी करने को मंजूरी दी गई है।
चंपावत में सरफेस पार्किंग निर्माण, टनकपुर थाना आवास निर्माण और देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। विधायक निधि योजनांतर्गत 70 विधायकों को 5 करोड़ प्रति विधायक की दर से कुल 350 करोड़ जारी किए गए हैं।
इसके अलावा हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत पेयजल, सड़क मरम्मत, विद्युत लाइन शिफ्टिंग और नगरीय पेयजल योजनाओं के लिए भी करोड़ों रुपये मंजूर किए गए हैं। राज्य के सभी जनपदों में दैवीय आपदाओं से नुकसान की रोकथाम के लिए आपदा न्यूनीकरण निधि से प्रति जनपद 1 करोड़ के हिसाब से कुल 13 करोड़ जारी करने को भी मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास, आधारभूत सुविधाओं और जनहित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए तेजी से आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *