राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त केदारवाला ग्राम पंचायत में बदहाल सफाई व्यवस्था, ग्रामीणों में नाराजगी

देहरादून/विकासनगर। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित ग्राम पंचायत केदारवाला में इन दिनों सफाई और जल निकासी व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। गांव में जगह-जगह सड़क किनारे कचरे के ढेर लगे हैं, जबकि गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियां मिट्टी और कचरे से जाम पड़ी हैं। इससे स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की ओर से सफाई व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीण साकिब, सलमान, सद्दाम, दिनेश और मुकेश ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने के बाद पंचायत की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है, लेकिन यहां सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।
गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित धार्मिक स्थल तक जाने वाले लोगों को भी गंदे पानी से परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर गंदा पानी बहने से आने-जाने में दिक्कत होती है और कपड़े भी खराब हो जाते हैं। बुजुर्गों ने इसे गंभीर समस्या बताते हुए जल्द समाधान की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान नफीसा इस्लाम ने बताया कि संबंधित मार्ग पर जल निकासी व्यवस्था के लिए विधायक स्तर से प्रस्ताव किया गया है और शासन से स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कराया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।