हंस कल्चरल सेंटर बना ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मिसाल

श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड जखोली के धारकोट सिलगढ़ क्षेत्र में हंस फाउंडेशन द्वारा संचालित मून लाइट जूनियर हाईस्कूल ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर मिसाल कायम कर रहा है। शुक्रवार को आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, सर्वांगीण विकास और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई।
विद्यालय प्रबंधक नागेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि शिक्षकों ने प्रत्येक छात्र की प्रगति रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा की। अभिभावकों ने भी अपने सुझाव और अपेक्षाएं रखीं, जिन पर विद्यालय प्रशासन ने गंभीरता से विचार किया। उन्होंने बताया कि हंस कल्चरल सेंटर ने अनुभवी और प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति कर शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाई है। संस्था सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा का अवसर मिल रहा है।