तहसील दिवस में 94 शिकायतें दर्ज, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में कोटद्वार तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 94 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में पूर्ति, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। गैस आपूर्ति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि वितरण पारदर्शी ढंग से निर्धारित स्थलों पर ही हो तथा बुकिंग क्रम का पालन किया जाए। अतिक्रमण पर नगर निगम को नियमित अभियान चलाने और पेयजल आपूर्ति में सुधार के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को दवाइयों व सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को सभी शिकायतों का तय समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

11 शिकायतें दर्ज, कई मामलों का मौके पर निस्तारण
लक्सर। लक्सर तहसील परिसर में तहसीलदार दीवान सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 11 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें भूमि पैमाइश, सड़क-नाली निर्माण और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। अधिकारियों की मौजूदगी में कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत दी गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ प्रेषित किया गया।