कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, तीन दर्जन से अधिक कार्य प्रगति पर

हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। मेला क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं से जुड़े करीब तीन दर्जन कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें 31 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मेलाधिकारी सोनिका स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी कर रही हैं।
सोमवार को मेलाधिकारी ने सीसीआर-2 भवन के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें शीर्ष तल पर हेलीपैड की सुविधा भी होगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने कहा कि स्नान पर्वों और सप्ताहांत के दौरान भीड़भाड़ के कारण निर्माण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से निर्माण सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन करने और निर्माण सामग्री की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि कुंभ मेला 2027 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी परियोजनाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों, ताकि आयोजन दिव्य और भव्य रूप में संपन्न हो सके।