श्रद्धा और उत्साह से मनाया खालसा सृजना दिवस

हरिद्वार। हरिद्वार में बैसाखी पर्व के अवसर पर विभिन्न गुरुद्वारों में विशेष दीवान सजाकर खालसा सृजना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। भेल सेक्टर-2 स्थित गुरु नानक दरबार, गोल गुरुद्वारा, सिंह सभा गुरुद्वारा ज्वालापुर एवं दिनारपुर में संगत ने शब्द कीर्तन सुना और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका। तीन दिवसीय अखंड पाठ का समापन भी हुआ। कथावाचकों ने गुरु गोबिंद सिंह द्वारा खालसा पंथ की स्थापना का महत्व बताते हुए अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का संदेश दिया। रागी जत्थों ने कीर्तन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और लंगर का आयोजन भी किया गया।