यात्रा को लेकर जिलाधिकारी ने की होटल एसोसिएशन के साथ बैठक

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सुचारु संचालन को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सीतापुर में होटल एसोसिएशन के साथ बैठक की। बैठक में आवास, भोजन, गैस, पेट्रोल-डीजल आपूर्ति, ट्रैफिक प्रबंधन और स्वच्छता जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि गैस आपूर्ति में आंशिक बाधा की संभावना के बावजूद यात्रा हेतु पर्याप्त एलपीजी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संचालकों को वैकल्पिक ईंधन अपनाने और निर्धारित दरों पर सेवाएं देने के निर्देश दिए।
होटल व्यवसायियों ने भी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिन पर प्रशासन ने समाधान का आश्वासन दिया। ट्रैफिक प्रबंधन की विशेष योजना लागू की जाएगी तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देना है।

पुलिस ने व्यापार मंडल व टैक्सी यूनियन के साथ की बैठक
चमोली। आगामी चारधाम यात्रा को जाम मुक्त और सुचारू बनाने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट और यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल ने नंदप्रयाग क्षेत्र में व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के साथ बैठक की। अधिकारियों ने नंदप्रयाग को जीरो ट्रैफिक जाम जोन बनाने पर जोर देते हुए तिराहे पर वाहन खड़े न करने और घाट रोड से ही सवारियां बैठाने के निर्देश दिए।
बैठक में वैकल्पिक मार्गों के उपयोग, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन पर भी चर्चा हुई। पुलिस ने टैक्सी चालकों को निर्धारित किराया लेने और श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा निर्णय, स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत
चमोली। जनपद में चारधाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि बद्रीनाथ, बामणी और माणा क्षेत्रों के स्थानीय नागरिकों व होटल व्यवसायियों को अब बद्रीनाथ धाम आने-जाने के लिए अलग से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं होगी। उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने जानकारी दी कि 12 अप्रैल 2026 से थाना बद्रीनाथ का विधिवत संचालन शुरू कर दिया गया है, जिससे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्थाएं और मजबूत होंगी।
15 अप्रैल तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। एडीएम मुक्ता मिश्र ने वर्चुअल बैठक में गंगोत्री धाम की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को 15 अप्रैल तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। सड़क चौड़ीकरण, समतलीकरण और भूस्खलन जोन में संसाधन उपलब्ध रखने पर विशेष जोर दिया गया। जल संस्थान द्वारा वाटर एटीएम और हैंडपंप चालू कर दिए गए हैं, जबकि शौचालयों और स्वच्छता व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग 17 अप्रैल तक चेक पोस्टों पर टीमें तैनात करेगा।