मत्स्य पालन ग्रोथ सेंटर पर नेपाल के 40 किसानों ने किया भ्रमण

मत्स्य पालन ग्रोथ सेंटर पर नेपाल के 40 किसानों ने किया भ्रमण


हरिद्वार। जिला सहकारी मत्स्य विकास एवं विपणन फेडरेशन लिव हरिद्वार के तत्वाधान में विकासखंड रुड़की स्थित मत्स्य पालन ग्रोथ सेंटर थीथकी कवायदपुर पर नेपाल देश से आए 40 किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्ययन भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान किसानों ने सहकारी फिश सोसाइटी के तालाबों में चल रहे मत्स्य पालन कार्यों का अवलोकन किया और आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर उत्तराखंड के प्रगतिशील मत्स्य किसान नेपाल सिंह कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल को मत्स्य पालन की उन्नत तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से राज्य में 40 से अधिक सहकारी समितियों का गठन कर हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून जैसे जनपदों में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मत्स्य उत्पादन 35 कुंतल प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 65 कुंतल प्रति हेक्टेयर तक पहुंच गया है, जबकि ट्राउट मछली का उत्पादन 18 डिग्री तापमान वाले क्षेत्रों में सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत 800 से 1000 रुपये प्रति किलो तक है। कार्यक्रम में दिल्ली से आए सुमित कुमार सहित कई विशेषज्ञों ने सहकारिता मॉडल और इसके माध्यम से रोजगार सृजन पर प्रकाश डाला। उपस्थित अतिथियों ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मत्स्य मंत्रालय की स्थापना और राज्य सरकार द्वारा इसे कृषि का दर्जा दिए जाने से किसानों को व्यापक लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में बीएचयू के प्रोफेसर, नेपाल के किसान प्रतिनिधि, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और सहकारी मॉडल को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत उपयोगी बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *