श्रीनगर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती, 9 भरे सिलेंडर जब्त

श्रीनगर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती, 9 भरे सिलेंडर जब्त


श्रीनगर। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर खाद्य पूर्ति विभाग ने कार्रवाई करते हुए वितरण वाहन से 9 भरे सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनके अवैध रूप से बेचे जाने की आशंका जताई जा रही है।
खाद्य निरीक्षक विजय कुमार कैंत्यूरा ने बताया कि श्रीनगर इंडेन गैस प्रबंधक की शिकायत पर टीम ने गैस गोदाम में जांच की। जांच में पाया गया कि 202 सिलेंडर वितरण के लिए लोड किए गए थे, लेकिन आपूर्ति के बाद भी 9 भरे सिलेंडर वाहन में ही मौजूद थे। विभाग ने सिलेंडरों को जब्त कर गोदाम प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया है। मामले में संबंधित मजदूरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


112 प्रतिष्ठानों की जांच, दो पर कार्रवाई

पौड़ी। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर जिला प्रशासन व पूर्ति विभाग ने व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कुल 112 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें 7 गैस गोदाम, 2 पेट्रोल पंप और 103 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। जांच के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पाबौ और पौड़ी में घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग के मामलों में दो प्रतिष्ठानों पर 2300-2300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं श्रीनगर गैस गोदाम में 9 सिलेंडर संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जाने पर जब्त किए गए। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि गैस वितरण प्रणाली पर लगातार नजर रखी जा रही है और जहां भी अनियमितता मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति सामान्य, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

टिहरीं जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर पूर्ति विभाग लगातार आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभल ने बताया कि हाल ही में 1504 घरेलू सिलेंडर प्राप्त हुए, जिनमें से 1360 का वितरण किया गया, जबकि 4167 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं। कमर्शियल श्रेणी में भी पर्याप्त आपूर्ति बनी हुई है। क्यूआरटी टीम द्वारा अब तक 414 निरीक्षण कर 14 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए हैं। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि घबराकर अतिरिक्त बुकिंग न करें और ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराएं।


गैस आपूर्ति में पारदर्शिता को लेकर सख्ती, कई सिलेंडर किए गए जब्त

चमोली। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और पारदर्शी गैस वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपजिलाधिकारी सोहन सिंह रांगण के नेतृत्व में सिमली स्थित गैस गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां सभी सिलेंडर मानक के अनुरूप पाए गए, हालांकि वितरण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए। इसके बाद कर्णप्रयाग क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर विभिन्न होटलों और प्रतिष्ठानों से कई व्यावसायिक व घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पारदर्शी गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

सिलेंडर किए गए जब्त, पारदर्शी गैस आपूर्ति पर जोर

कर्णप्रयाग। उपभोक्ताओं को सुरक्षित व पारदर्शी गैस वितरण सुनिश्चित करने हेतु एसडीएम सोहन सिंह रांगण ने सिमली स्थित गैस गोदाम का निरीक्षण किया। जांच में सिलेंडरों का वजन मानक के अनुरूप पाया गया, लेकिन एरिया मूवमेंट प्लान व वितरण पर्चियों में खामियां मिलीं, जिन्हें सुधारने के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस व पूर्ति विभाग ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों से अभिलेखों में गड़बड़ी पाए जाने पर व्यावसायिक व घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। एसडीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा व नियमों के पालन हेतु ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *