एसएसपी देहरादून ने किया पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण

एसएसपी देहरादून ने किया पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण


देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण कर सभी शाखाओं में अभिलेखों के रख-रखाव, सफाई और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पत्रावलियों/जांचों को अनावश्यक लंबित रखने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी।
शिकायत प्रकोष्ठ में लंबित प्रार्थना पत्रों की स्थिति की जानकारी लेते हुए एसएसपी ने निर्देश दिए कि रिमाइंडर भेजने के बाद भी निस्तारण में शिथिलता बरतने वाले जांचकर्ताओं के विरुद्ध विभागीय रिपोर्ट भेजी जाए। फरियादियों की समस्याओं को मौके पर सुनकर संबंधित थानाध्यक्ष को त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। साइबर सेल का निरीक्षण कर लंबित साइबर अपराध प्रार्थना पत्रों की जानकारी प्राप्त की गई और एनसीआरबी पोर्टल पर सभी जानकारियों को समय से अपलोड करने के निर्देश दिए गए। प्रधान लिपिक शाखा का निरीक्षण कर पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण और कर्मचारियों के एसीआर अद्यतन कराने के निर्देश भी जारी किए गए। भवन शाखा के निरीक्षण में 50 वर्ष से अधिक पुराने पुलिस भवनों का चिन्हांकन कर सुरक्षा ऑडिट करवाने और जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सभी अधीनस्थों को सख्त हिदायत दी कि कार्यालय में कार्य प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *