नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के लिए आवंटित भूमि का किया जा रहा है नुकसान: हरक सिंह

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने प्रदेश की धामी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऋषिकेश के रानीपोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के लिए पहले आवंटित भूमि को आज खुर्द-बुर्द करने का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि भाजपा की ही सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में इस भूमि का शिलान्यास किया गया था, जिसमें स्थानीय सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित थे।
डॉ. रावत ने कहा कि सात वर्ष बीत जाने के बावजूद यूनिवर्सिटी का एक ईंट तक नहीं रखी गई, जबकि भूमि का टिहरी बांध विस्थापितों के नाम पर बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संवैधानिक गरिमा को गिराते हुए अपनी सरकार के आदेशों की अवहेलना की है और भाजपा में गुटबाजी चरम पर है। डॉ. हरक सिंह रावत ने यह भी कहा कि स्थानीय जनता के शांतिपूर्ण आंदोलन पर उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और महिलाओं के साथ अभद्रता की गई, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कांग्रेस की ओर से आश्वस्त किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उसी स्थान पर लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, विनोद चौहान और गुल मोहम्मद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। डॉ. रावत ने जनता से अपील की कि वे अपनी जायज मांग के लिए आंदोलन में शामिल होकर शिक्षा के अधिकार के लिए आवाज उठाएं।