प्रत्येक ब्लॉक में लगाई जाएगी अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे मशीन: डॉ. धन सिंह

प्रत्येक ब्लॉक में लगाई जाएगी अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे मशीन: डॉ. धन सिंह
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
 
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक विकासखंड में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर ही आम लोगों को जांच की सुविधा प्रदान करना है, ताकि मरीजों को जिला मुख्यालयों तक जाने की आवश्यकता न पड़े। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को छह माह के भीतर सभी ब्लॉकों में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया है।
डॉ. रावत ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार उन्नत बनाने के लिए प्रयासरत है। प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और मरीजों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकासखंड स्तर पर ही जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को उप जिला चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मशीनें स्थापित करने के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 95 ब्लॉकों में 84 एक्स-रे और 47 अल्ट्रासाउंड मशीनें उपलब्ध हैं। जहां यह सुविधाएं नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर नई मशीनें स्थापित की जाएंगी। साथ ही चिकित्सा इकाइयों में रेडियोलॉजिस्ट और एक्स-रे तकनीशियनों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *