थाना प्रभारियों के साथ अब क्षेत्राधिकारियों की जवाबदेही भी होगी तय

थाना प्रभारियों के साथ अब क्षेत्राधिकारियों की जवाबदेही भी होगी तय


देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा देर रात्रि जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर वर्तमान में संचालित अभियानों की समीक्षा की गई। गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अब थाना प्रभारियों के साथ-साथ क्षेत्राधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
एसएसपी ने ’’ऑपरेशन क्रैकडाउन’’ के अंतर्गत सत्यापन एवं चेकिंग अभियानों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बाहरी व्यक्तियों, संस्थानों, प्रतिष्ठानों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियानों में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी व क्षेत्राधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पीक आवर्स के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों, मुख्य बाजारों, चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने तथा क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को स्वयं भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने संगठित अपराधों में लिप्त अभ्यस्त अपराधियों के विरुद्ध ’’गैंगस्टर एक्ट’’ के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने, साथ ही ईनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमें गठित करने के निर्देश दिए।
रमजान माह एवं आगामी होली पर्व को देखते हुए संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा पूर्व विवादों के आधार पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कानून व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में संबंधित थाना प्रभारी पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *