कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में चुनावी रणनीति पर किया मंथन

हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित कांग्रेस प्रदेश सचिव सुनीता सिंह के निवास पर कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुनीता सिंह, तेलूराम प्रधान और जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने अपनी-अपनी विधानसभा से चुनाव लड़ने की दावेदारी रखते हुए अंतिम निर्णय आलाकमान पर छोड़ने की बात कही। वक्ताओं ने कहा कि चुनाव लड़ना सभी का अधिकार है और संगठन जिसे भी प्रत्याशी बनाए, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसके समर्थन में कार्य करेंगे।
जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह और सुनीता सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार न होने से कार्यकर्ताओं के कार्य बाधित हो रहे हैं, जबकि भाजपा के विधायक अधिकारियों से मारपीट जैसी घटनाओं में संलिप्त हैं। अनुसूचित विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को गुमराह कर बाहरी वोटरों के माध्यम से चुनाव प्रभावित करती है। बैठक में सभी नेताओं ने एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ संघर्ष तेज करने और जनता तक अपनी आवाज पहुंचाने का संकल्प लिया।