बसंतोत्सव के लिए यातायात एवं पार्किंग रूट प्लान जारी

बसंतोत्सव के लिए यातायात एवं पार्किंग रूट प्लान जारी
 
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। 27 फरवरी 2026 से 01 मार्च 2026 तक लोकभवन’’ में आयोजित होने वाले बसंतोत्सव कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत रूट प्लान जारी कर दिया गया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर यातायात, पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जारी योजना के अनुसार, राजपुर रोड से आने वाले आगंतुकों के वाहनों को दिलाराम चौक से दाहिनी ओर न्यू कैंट रोड होते हुए एनेक्सी तिराहा पर ड्रॉप कर 8वीं गढ़वाल राइफल ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। रायपुर, ईसी रोड एवं सुभाष रोड से आने वाले वाहनों को दिलाराम चौक से बाईं ओर भेजते हुए न्यू कैंट रोड से एनेक्सी तिराहा तक ड्रॉप कर 8वीं जीआर ग्राउंड में पार्किंग दी जाएगी। पार्किंग फुल होने की स्थिति में वाहन आरटी ग्राउंड में खड़े किए जाएंगे, जहां से शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
कैंट रोड एवं चकराता रोड से आने वाले वाहनों को वाटिका तिराहा से महिंद्रा ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। सभी पार्किंग स्थलों से एनेक्सी तिराहा तक शटल सेवा संचालित होगी, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सभी सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निजी वाहनों की पार्किंग आरटी ग्राउंड में निर्धारित की गई है। सड़क किनारे पार्किंग पूर्णतः निषिद्ध रहेगी तथा गलत पार्किंग पर क्रेन से कार्रवाई की जाएगी। राजभवन गेट से दिलाराम चौक और वाटिका तिराहा तक यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हॉक मोबाइल तैनात रहेगी।
यातायात दबाव की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग किया जाएगा। चिन्हित पार्किंग स्थलों पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन कर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *