गुमशुदा नाबालिग बालक को दून पुलिस ने किया बरामद

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / बालेश बेनीवाल,
देहरादून। थाना डालनवाला क्षेत्र में गुमशुदा हुए 13 वर्षीय नाबालिग बालक को दून पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालक स्कूल न जाने पर मां की डांट से नाराज होकर साइकिल लेकर बिना बताए घर से चला गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने कंट्रोल रूम के माध्यम से तलाश अभियान शुरू किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। लगातार प्रयासों के बाद बालक को डालनवाला क्षेत्र से सुरक्षित बरामद किया गया। पुत्र को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने नम आंखों से दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।