मुख्यमंत्री से भेंट कर की विकास कार्यों व स्थानीय समस्याओं पर चर्चा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में विधायक सहदेव पुंडीर, खजान दास, सुरेश चौहान, भरत चौधरी, संजय डोभाल, अनिल नौटियाल, प्रीतम पंवार एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की विभिन्न विकासपरक मांगों एवं स्थानीय समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों के त्वरित समाधान हेतु सम्बन्धित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य जनता को त्वरित और पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से विकास कार्य और अधिक प्रभावी होंगे। उन्होंने विधायकगणों से हाल ही में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों तक समयबद्ध सहायता पहुँचाने में सहयोग का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपदा प्रभावित सभी परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी और राहत-पुनर्वास कार्यों की गति तेज़ की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सुविधाएँ, शिक्षा, पर्यटन, पेयजल एवं ऊर्जा जैसे बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतुलित और सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाकर प्रदेश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाएं।