एनईपी-2020 के 202 में से 71 लक्ष्य पूरे, 111 पर तेजी से काम जारी

देहरादून। उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में विद्यालयी शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है। भारत सरकार के सार्थक ट्रैकर पर निर्धारित 202 लक्ष्यों में से 71 लक्ष्य पूरे कर लिए गए हैं, जबकि 111 लक्ष्यों पर तेजी से कार्य जारी है। शेष 20 लक्ष्यों पर केंद्र सरकार की गाइडलाइन मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा।
एससीईआरटी की निदेशक ’’वंदना गर्ब्याल’’ ने बताया कि राज्य में सभी ’’5,982 को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों’’ में बालवाटिकाओं का संचालन शुरू हो चुका है। वहीं एससीईआरटी और सभी ’’13 डायट’’ में कुल ’’14 मॉडल बालवाटिकाएं’’ स्थापित की गई हैं। बालवाटिकाओं के प्रभावी संचालन के लिए ’’11,196 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और अधिकारियों’’ को प्रशिक्षण दिया गया है। प्राथमिक विद्यालयों में गतिविधि आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ’’जादुई पिटारा’’ उपलब्ध कराया गया है, जबकि ’’आरोही स्कूल रेडीनेस मॉड्यूल’’ भी लागू किया गया है। निपुण भारत मिशन के तहत बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा ’’3,198 ड्रॉपआउट बच्चों’’ को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया है तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को भी गृह आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री ’’डॉ. धन सिंह रावत’’ ने कहा कि एनईपी-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य शेष लक्ष्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा कर नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।