7 सितंबर को होगी दक्षता आधारित आकलन परीक्षा

पौड़ी। डायट चड़ीगांव में मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना की अध्यक्षता में दक्षता आधारित आकलन परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। उन्होंने परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और सुचारू संचालन के निर्देश दिए। जनपद के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 7 सितंबर को कक्षा 2, 5 और 8 की परीक्षा आयोजित होगी। सीईओ ने विद्यालय प्रबंधन समितियों व अभिभावकों की सहभागिता, शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति तथा दूरस्थ क्षेत्रों में ऑनलाइन वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। आकलन से विद्यार्थियों की समझ, विषय अनुप्रयोग और चिंतन कौशल का मूल्यांकन किया जाएगा। कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण के बाद 28 सितंबर को पुनः आकलन होगा।