जनसुनवाई में उठीं 60 समस्याएं, डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

जनसुनवाई में उठीं 60 समस्याएं, डीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश


हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 60 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, पेयजल, जलभराव और जल निकासी जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
कार्यक्रम में कई फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। ग्राम भगतनपुर आबिदपुर निवासी सविता चौहान ने प्लॉट पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जबकि कांगड़ी क्षेत्र के लोगों ने पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। रायपुर दरेड़ा के राजपाल ने भूमि पैमाइश कराने की मांग की। वहीं नरेंद्र अरोड़ा ने बरसाती नदी से उत्पन्न बाढ़ और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान तथा अधूरे नाले निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। अन्य शिकायतों में जल निकासी, अवैध निर्माण और उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन से जुड़े मामले भी शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगी। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के शीघ्र समाधान के भी निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *