120 फीट गहरी खाई में गिरी हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस, नौ यात्रियों की मौत, 27 घायल

मुख्यमंत्री धामी ने एम्स पहुंचकर घायलों का जाना हाल
 
 
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
टिहरी/ऋषिकेश। टिहरी गढ़वाल जनपद के गूलर घाटी में मंगलवार तड़के हुए भीषण बस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस गूलर पुल से करीब 120 फीट नीचे गूलर गाड़ नदी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, आपदा राहत दल और आईटीबीपी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
  
सुबह 4ः50 बजे हुआ हादसा, एक घंटे में निकाले गए घायल

पुलिस के अनुसार मंगलवार को सुबह 4ः50 बजे चौकी गूलर के माध्यम से थाना मुनिकीरेती को बस नदी में गिरने की सूचना मिली। इसके बाद मुनिकीरेती और नरेंद्रनगर पुलिस के साथ एसडीआरएफ, फायर सर्विस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे। शिवपुरी स्थित आईटीबीपी कैंप से भी टीम को बुलाया गया। बचाव दल ने करीब एक घंटे के भीतर घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके लिए 108 एंबुलेंस के साथ स्थानीय, निजी और एलएंडटी तथा नवयुगा कंपनी की एंबुलेंस की मदद ली गई। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।


हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी बस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बस संख्या यूके09पीए-9779 मंगलवार सुबह 3ः15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। बस को रुद्रप्रयाग जनपद के क्यूरी पोखरी निवासी राजेंद्र सिंह चला रहे थे। सुबह करीब 4ः50 बजे बस गूलर पुल से नीचे नदी में गिर गई। पुलिस के अनुसार बस में चालक सहित 34 लोग सवार थे। हादसे में घायल 27 लोगों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मृतकों में चालक और परिचालक भी शामिल
हादसे में मृतकों की पहचान पन्नू निवासी मेखण्डी पौड़ी, अनुज भंडारी निवासी बडल भवानी शिवपुरी टिहरी, राज राय निवासी जलपाईगुड़ी पश्चिम बंगाल, दीपक गुप्ता निवासी मध्य प्रदेश, बस चालक राजेंद्र सिंह निवासी पोखरी रुद्रप्रयाग, विक्की निवासी चंदौसी संभल, सुशील प्रताप सिलोडी, विकास गुप्ता निवासी मध्य प्रदेश और रोहित कश्यप निवासी चंदौसी संभल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद उनके सामान को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी गूलर में रखवाया गया है। मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स ऋषिकेश में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और सामान्य रूप से घायल लोगों को 40 हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल और आरटीओ देहरादून को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी एम्स पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बोलेरो, चार लोगों की मौत, छह घायल
रुद्रप्रयाग। बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर सोमवार देर रात भट्टवारी-कण्डारा के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 नवंबर 2026 की रात पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा बोलेरो वाहन संख्या यूके 13 टीए 1013 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रात करीब 10 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को वाहन खाई में गिरने की सूचना मिली। वाहन में नौ से दस लोगों के सवार होने की जानकारी पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं।
सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में पुलिस और बचाव दलों ने रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहन में सवार सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। हादसे में कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), सूरत सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) की मौत हो गई। सभी मृतक ऊखीमठ क्षेत्र के निवासी थे। घायलों में उम्मेद सिंह राणा (52) और राजेंद्र सिंह (56), निवासी रांसी को सामान्य चोटें आईं। वहीं लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया। ये सभी रांसी, कांथा और चिलौंड गांवों के निवासी हैं।
पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने आपसी समन्वय से पूरी रात राहत एवं बचाव कार्य चलाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गणेश गोदियाल और हरीश रावत ने जताया शोक
देहरादून। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर टिहरी के गूलर क्षेत्र में हुए बस हादसे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गहरा दुख जताया है। दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। गोदियाल ने मुख्यमंत्री से हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं, हरीश रावत ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *