सतनी गांव में 60 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, 13 के रक्त नमूने लिए
रुद्रप्रयाग।
जखोली विकासखंड के भरदार क्षेत्र स्थित ग्राम सतनी में कई ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर 60 ग्रामीणों की जांच की और आवश्यक दवाएं वितरित कीं। 13 ग्रामीणों के रक्त नमूने तथा पेयजल स्रोत का पानी जांच के लिए लिया गया। सीएमओ डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि ग्रामीणों में हल्का बुखार और खांसी के लक्षण मिले। एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शाकिब के नेतृत्व में 116 घरों का सर्वे कर लार्वा निरोधात्मक कार्रवाई की गई। दो कंटेनरों में मिले लार्वा मौके पर नष्ट किए गए। ग्रामीणों को डेंगू एवं जलजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।