युवा कृषक अजय नेगी को मिला प्रगतिशील किसान सम्मान

रुद्रप्रयाग। पंतनगर में आयोजित 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में रुद्रप्रयाग के युवा कृषक अजय नेगी को प्रगतिशील किसान सम्मान से सम्मानित किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त गुरमीत सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। अगस्त्यमुनि विकासखंड के भणज गांव निवासी अजय नेगी ने 25 हजार रुपये मासिक वेतन वाली संविदा नौकरी छोड़कर खेती-बागवानी को रोजगार का माध्यम बनाया। वर्तमान में वह 12 नाली से अधिक भूमि पर धान, मंडुवा, झंगोरा, कीवी, माल्टा, नारंगी, नींबू, ब्रोकली, मिर्च और अदरक का उत्पादन कर रहे हैं। कीवी और माल्टा उनकी आय के प्रमुख स्रोत हैं। खेती से वह 60 से 70 हजार रुपये मासिक तक आय अर्जित कर रहे हैं।