बाल संरक्षण एवं अधिकारों के प्रति किया जागरूक

श्रीनगर गढ़वाल। बाल संरक्षण, अधिकार एवं सुरक्षा को लेकर सोमवार को रेनबो पब्लिक स्कूल श्रीनगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, सहायता सेवाओं एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। जिला बाल संरक्षण इकाई की संरक्षण अधिकारी प्रज्ञा नैथानी ने पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रमुख प्रावधानों, सुरक्षित-असुरक्षित व्यवहार की पहचान और बच्चों की सुरक्षा के बारे में बताया। जिला बाल कल्याण समिति अध्यक्ष राकेश चंद्र बिडालिया ने बाल अधिकार, सर्वांगीण विकास एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर संवाद किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रीति बिष्ट ने विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा उनियाल सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।