नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन अभियुक्त गिरफ्तार

ऋषिकेश। ऋषिकेश क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के परिजन की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपियों ने नाबालिग और उसकी परिचित युवती को बहला-फुसलाकर शराब पिलाई और पीड़िता की नशे की स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ यौन अपराध किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर साक्ष्य संकलन और पूछताछ के आधार पर शिवम उर्फ शुभम, गोविन्द और दीपक उर्फ डीपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, नवीन जोशी, राजकुमार, ज्योति और सौरभ वालिया शामिल रहे।