दिव्यांग बच्चों के साथ मुख्यमंत्री ने केक काटकर मनाया जन्मदिन, हुए भावुक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर वहां अध्ययनरत बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच रहकर जन्म दिवस की खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री बच्चों से बेहद आत्मीयता और स्नेह के साथ मिले। उन्होंने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इस दौरान पूरा वातावरण आत्मीयता, स्नेह और अपनत्व से भरा रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। इस अवसर पर गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं संस्थान के शिक्षक मौजूद थे।

मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर उमड़ा आत्मीयता का माहौल, दी शुभकामनाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में आत्मीयता और उत्साह का वातावरण रहा। मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं अधिकारी-कर्मचारी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। सभी ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री आवास पर दिनभर शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला चलता रहा। मंत्रीगण, जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके सफल एवं उज्ज्वल जीवन की कामना की। इस अवसर पर मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव आंनद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारियों सहित उपस्थित रहे।
सीएम धामी के जन्मदिन पर भाजयुमो ने किया रक्तदान
श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर भाजयुमो जिला पौड़ी गढ़वाल की ओर से बुधवार को श्रीनगर बेस अस्पताल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भाजपा एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल के नेतृत्व में संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।