फार्मर रजिस्ट्री में तेजी के लिए ग्रामवार लक्ष्य करें निर्धारित

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने मुख्य कृषि अधिकारी को सीएससी संचालकों से समन्वय कर कार्य में तेजी लाने तथा ग्रामवार लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों, पंचायती राज, राजस्व विभाग और ग्राम प्रधानों के सहयोग से पंजीकरण बढ़ाने को कहा। अधिक किसानों के लंबित रहने वाले गांवों में विशेष कैंप आयोजित करने और आवश्यकता के अनुसार कैंपों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। किसानों को सीएससी, स्वयं ऑनलाइन पंजीकरण और ग्राम पंचायत स्तर पर कैंपों के माध्यम से सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। मुख्य कृषि अधिकारी को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।