जिला अस्पताल बौराड़ी में पहली बार शुरू हुई ईसीटी थेरेपी सुविधा

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जिला अस्पताल बौराड़ी में ईसीटी (इलेक्ट्रोकन्वल्सिव थेरेपी) सुविधा का शुभारंभ किया। उन्होंने ईसीटी मशीन का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली और उपचार में उपयोगिता की जानकारी ली। बताया गया कि प्रदेश में जिला अस्पताल स्तर पर पहली बार यह सुविधा उपलब्ध हुई है। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज ने बताया कि ईसीटी गंभीर डिप्रेशन, स्किजोफ्रेनिया और कैटाटोनिया सहित कुछ मानसिक रोगों के उपचार में उपयोगी है। इससे गंभीर मरीजों को देहरादून या बड़े अस्पतालों में जाने की आवश्यकता कम होगी। डीएम ने कहा कि यह सुविधा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर बिना संकोच विशेषज्ञ से परामर्श लेने की अपील की। इस दौरान सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल सहित चिकित्सक मौजूद रहे।