मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से उत्तराखंड की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से उत्तराखंड की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का आह्वान


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘शाइनिंग स्टार्स ऑफ उत्तराखंड-2026’ कार्यक्रम में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, गायकों और कलाकारों से संवाद किया। उन्होंने उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, पारंपरिक खानपान, प्राकृतिक सौंदर्य, अनछुए पर्यटन स्थलों और स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म की व्यापक पहुंच और युवाओं की रचनात्मक क्षमता उत्तराखंड की पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। कंटेंट क्रिएटर्स अपनी वीडियो, रील और यात्रा-कथाओं के माध्यम से ऐसे गांवों और पर्यटन स्थलों को पहचान दिला सकते हैं, जिनकी संभावनाओं से अभी बहुत कम लोग परिचित हैं। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उत्कृष्ट उत्पाद तैयार कर रही हैं। सोशल मीडिया के जरिए इन उत्पादों, पारंपरिक शिल्प और पहाड़ी व्यंजनों को नए बाजार उपलब्ध कराए जा सकते हैं। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट्स’ जैसी पहल स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने क्रिएटर्स से तथ्यपरक और विश्वसनीय सामग्री प्रस्तुत करने का भी आग्रह किया।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून जैसे निर्णयों पर अपना दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण फैसलों का आधार राज्यहित और भावी पीढ़ियों का कल्याण होना चाहिए। युवाओं की मेहनत, योग्यता और भविष्य की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर गायक पवनदीप राजन, यूट्यूबर सौरव जोशी, अवंतिका भट्ट, तनु रावत, आरजे काव्या, प्रियंका कंडवाल और आशा नेगी सहित अनेक प्रतिभाएं उपस्थित रहीं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *