बहादराबाद श्रीरामलीला मंच पर पत्थरबाजी से मची अफरा-तफरी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
हरिद्वार। बहादराबाद में आयोजित 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान 9 अक्टूबर की रात पत्थरबाजी, गाली-गलौज और हुड़दंग की घटना सामने आई। इसके बाद श्रीरामलीला कमेटी (रजि.), बहादराबाद ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
समिति अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने बताया कि रात करीब 11 बजे रामलीला मंचन के दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने शोर-शराबा किया। समिति सदस्यों ने उन्हें समझाकर वहां से भेज दिया, लेकिन आरोप है कि कुछ देर बाद वे करीब 25 से 30 अन्य लोगों के साथ वापस लौटे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए रामलीला बंद कराने की धमकी दी और मंच की ओर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया। रविंद्र चौहान के अनुसार, पत्थरबाजी के दौरान मंच पर मौजूद कलाकारों और मैदान में बैठे दर्शकों को चोटें आईं। दर्शकों में महिलाएं भी शामिल थीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों को पकड़ने का प्रयास किया और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। हालांकि, समिति का कहना है कि पुलिस बल की संख्या कम होने और उपद्रवियों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति को तत्काल नियंत्रित करने में कठिनाई हुई। घटना के चलते रामलीला मंचन कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। समिति अध्यक्ष ने कहा कि श्रीरामलीला क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और जनआस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे आयोजन में पत्थरबाजी और हुड़दंग की घटना गंभीर चिंता का विषय है। आगामी दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है। समिति ने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही 12 अक्टूबर को प्रस्तावित श्रीराम बारात तथा 19 और 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की अपील की है। श्रीरामलीला कमेटी ने क्षेत्राधिकारी बहादराबाद और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार से तत्काल आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया, ताकि वार्षिकोत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।