त्योहारी सीजन में मिठाई एवं डेयरी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

देहरादून। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के प्रतिष्ठित खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई एवं डेयरी दुकानों, कैंटीन और रेस्टोरेंट का सघन निरीक्षण किया। टीम ने आनंदम स्वीट्स, 5 स्टार, कोहली स्वीट्स, कालरा स्वीट्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं रख-रखाव की जांच की तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। जिलाधिकारी ने सैंपलिंग अभियान लगातार जारी रखने और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।