सम्मेलन में कार्यकर्ता बोले 2027 में भाजपा की विदाई तय

देहरादून/विकासनगर। 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने पछवादून क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। कालसी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से बाड़वाला स्थित होटल ग्रीन व्यू में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कार्यक्रम के दौरान 41 लोगों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने इसे पार्टी के प्रति बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाह रही है और 2027 में भाजपा की विदाई तय है। साथ ही कार्यकर्ताओं से 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित राहुल गांधी के “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई। सम्मेलन में प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।