पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट एक अनुभवी, दूरदर्शी और जनप्रिय नेता थे, जिनके निधन से कांग्रेस पार्टी और प्रदेश की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक अपने लंबे राजनीतिक जीवन में विकास और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। शोकसभा से पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने उनके आवास पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित किया और पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
देहरादून/विकासनगर। शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विकासनगर ने ऐतिहासिक तिलक भवन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। सभा में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट उत्तराखंड कांग्रेस के समर्पित योद्धा थे, जिन्होंने छात्र राजनीति से लेकर श्रमिकों, कर्मचारियों और आमजन के हितों के लिए संघर्ष किया। श्रद्धांजलि देने वालों में पीसीसी सदस्य संजय जैन, शहर अध्यक्ष विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।