विधायक शहजाद ने ओबीसी आरक्षण और कथित बेनामी संपत्तियों का मुद्दा उठाया

लक्सर। विधानसभा सत्र से लौटने के बाद बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद ने अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा सत्र की अवधि, ओबीसी आरक्षण और लक्सर क्षेत्र में कथित बेनामी संपत्तियों की खरीद को लेकर सवाल उठाए।
विधायक ने कहा कि विधानसभा सत्र साल में कम से कम 40 दिन चलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन की कार्यवाही सीमित दिनों तक होने से जनहित के मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो पाती। उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति के बीच विवाद का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता भी जताई। ओबीसी आरक्षण पर शहजाद ने दावा किया कि उत्तराखंड में अन्य पिछड़ा वर्ग को आबादी के अनुपात में आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने ओबीसी की आबादी 85 प्रतिशत और आरक्षण 14 प्रतिशत होने का दावा करते हुए सरकार की नीति पर सवाल उठाए। विधायक ने लक्सर के कई गांवों में कथित बेनामी संपत्तियों की खरीद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि संबंधित दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं और मामले में सीबीआई तथा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच कराने की मांग की जाएगी।