चिरबिटिया कृषि महाविद्यालय में जल्द शुरू होंगी कक्षाएं: कुलपति

श्रीनगर गढ़वाल। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के कुलपति प्रो. बी.पी. भट्ट ने चिरबिटिया हिल एग्रीकल्चर कॉलेज की समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित कर जल्द ही महाविद्यालय की कक्षाएं चिरबिटिया परिसर से संचालित की जाएंगी। यह आश्वासन उन्होंने वरिष्ठ शिक्षाविद एवं एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के डीन प्रो. महाबीर सिंह नेगी से मुलाकात के दौरान दिया।
प्रो. नेगी ने कुलपति के समक्ष चिरबिटिया महाविद्यालय के अधूरे भवन, प्रशासनिक ब्लॉक, छात्रावास, प्रयोगशालाओं और स्थायी फैकल्टी की कमी का मुद्दा उठाते हुए रानीचौरी से कक्षाओं को चरणबद्ध तरीके से चिरबिटिया स्थानांतरित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा का लाभ मिलेगा। कुलपति प्रो. भट्ट ने सभी सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि अधोसंरचना विकास और निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी, ताकि छात्र-छात्राओं को शीघ्र ही चिरबिटिया में आधुनिक सुविधाओं के साथ उच्च स्तरीय कृषि शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।